ट्विनसिटी यमुनानगर की 150 कालोनियों को वैध करने की तैयारी

हरियाणा में अवैध कालोनियों को अब अवैध किया जा रहा है। इसी तर्ज पर अब यमुनानगर की 150 कालोनियों को वैध किए जाने की तैयारी हो रही है। नगर निगम ने इससे संबंधित फाइल को यूएलबी को भेज दी है।
यमुनानगर ट्विन सिटी की 150 कालोनियों को वैध किए जाने की तैयारी अब अंतिम चरण में है। सर्वे के बाद नगर निगम की ओर से इन कालोनियों की लिस्ट यूएलबी को भेज दी गई है। हालांकि यूएलबी स्तर पर अभी इन कालोनियों का निरीक्षण किया जाना है। निर्धारित मापदंडों काे पूरा करने वाली कालोनियों को मंजूरी के बाद विकास के रास्ते खुल जाएंगे।
वर्ष-2018 में हुए सर्वे के मुताबिक 105 कालोनियां अवैध थी। इनमें से 69 कालोनियों को दो वर्ष पहले नियमित कर दिया गया था। बाकी कालोनियां रह गई थी। निगम क्षेत्र में ऐसी कालोनियों की संख्या कम नहीं हैं जो 25-30 वर्ष से बसी हुई हैं। इनमें मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं।
वैध होने पर ये मिलेंगी सुविधाएं
नगर निगम एरिया में अवैध रूप से कालोनियाें को काटे जाने का सिलसिला बेरोकटोक जारी है। लेकिन इनमें मूलभूत सुविधाएं नहीं हैं। हालांकि कुछ कालोनियों में अमृत योजना के तहत सीवरेज लाइनें जरूर बिछा दी गई, लेकिन सड़कें कच्ची पड़ी हैं। स्ट्रीट लाइट व पेजयल की व्यवस्था दुरुस्त नहीं है। सस्ते के लालच में लोग यहां प्लाट खरीद लेते हैं। कलोनाइजरों की ओर से सुविधाएं देने का आश्वासन भी दिया जाता है, बाद में इस ओर ध्यान नहीं दिया जाता है। अवैध रूप से काटी जा रही कुछ कालोनियों में जिला नगर योजनाकार विभाग की ओर से पीला पंजा भी चलाया जा चुका है।
बढ़ रही अवैध कालोनियों की संख्या
निगम क्षेत्र में धड़ाधड़ कालोनियां कट रही हैं। खासतौर पर निगम में शामिल हुए गांवों में इनकी संख्या ज्यादा हैं। लोगों ने यहां प्लाट लेकर मकान तो बना लिए, लेकिन उनको सड़कें, सीवरेज, पानी, स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाएं नहीं मिल पाई। वर्ष-2018 में अवैध कालोनियों का सर्वे किया था। इस सर्वे के आधार पर 217 कालोनियों लिस्ट तैयार हुई। उसके बाद एक बार फिर सर्वे हुआ और 105 ऐसी कालोनियां सामने आई। इनमें से 69 कालोनियों की सूची सरकार को भेजी गई थी। ये कालोनियां तीन वर्ष पहले नियमित हो चुकी हैं।